जनपदीय अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए किया स्थलीय निरीक्षण।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 07 अगस्त 2026,( सू.वि., )आगामी पवित्र श्रावण मेले एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत आने वाले श्रद्धालुओं तथा कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सर्वाेत्तम सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए ज़िला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध और अलर्ट मोड पर है। पवित्र कुआनो नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम ने विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित पुलिस, राजस्व व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, जल सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रमुख बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नदी तट पर पक्की एवं मजबूत बैरिकेडिंग (जालियाँ/बांस-बल्ली) लगाने तथा खतरे के निशान दर्शाने वाले स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा तैयारियों का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट पर सवार होकर जलस्तर, धारा के प्रवाह और गहराई का बारीकी से निरीक्षण किया।
रात्रि के समय कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अमहट घाट परिसर, प्रमुख पहुँच मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं स्नान घाटों पर हाई-मास्ट लाइटें, एलईडी फ्लड लाइट्स तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु बैकअप जनरेटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि घाट परिसर एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, कचरा प्रबंधन हेतु जगह-जगह कूड़ेदान रखे जाएँ तथा पूरे क्षेत्र में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव व सैनिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
कांवड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल के टैंकर, स्वचालित वाटर बूथ तथा हैंडपंपों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के साथ-साथ 24/7 प्राथमिक चिकित्सा शिविर (मेडिकल बूथ) एवं एम्बुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट्स, अस्थायी शौचालयों का निर्माण तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक को कांवड़ मार्गों पर सुगम यातायात संचालन हेतु रूट डायवर्जन प्लान लागू करने, भीड़ नियंत्रण हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी बल, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की 24 घंटे घाट पर मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासनिक टीम ने सख्त निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी, पीएसी के जवान एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।