बस्ती(उ0प्र0)- 27 अगस्त 2026, (सू. वि.)कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड (विकास), निर्माण कार्यों, जिला पेयजल स्वच्छता समिति तथा जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ-साथ पेयजल, स्वच्छता तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में कार्य प्रगति धीमी है, उनमें संबंधित विभाग तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित समय सीमा में उन्हें पूर्ण कराएं।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा कार्य पूर्ण होने के बाद भी गुणवत्ता का परीक्षण सुनिश्चित करें।
जिला पेयजल स्वच्छता समिति की बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता, जलापूर्ति से संबंधित कार्यों तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। पेयजल से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने तथा जलस्रोतों एवं जलापूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया। जलापूर्ति व्यवस्था में ज्वाइंट लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
जिला स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छता अभियान, साफ-सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी अन्य गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ निरंतर अभियान चलाए जाएं और समुदायिक शौचालय की साफ सफाई एडीओ पंचायत के माध्यम से सुनिश्चित करें
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव निगम, डीएफओ डॉ शिरीन सिद्दीकी,जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता,जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी विकास नरायण, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, संबंधित कार्यदायी संस्था तथा विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।