दुर्गा पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण ।

*पंडाल निर्धारित स्थलों पर लगाने, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा तथा शोभायात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश*

बस्ती (उ0प्र0)- 10 अक्टूबर 2026 (सू.वि.) दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शास्त्री चौक से कम्पनी बाग, गांधी नगर, पुरानी बस्ती, दक्षिण दरवाजा, नई बाजार एवं बस स्टेशन चौराहा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शोभायात्रा मार्ग तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा आयोजकों को निर्देशित किया कि पंडाल निर्धारित स्थलों पर ही लगाए जाएं तथा उनके निर्माण में निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। पंडालों में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए पर्याप्त स्थान रखा जाए, जिससे दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूरे कर लिए जाएं।

अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने पंडालों में आवश्यक अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ज्वलनशील सामग्री के प्रयोग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि पंडालों में बिजली की वायरिंग सुरक्षित ढंग से की जाए। खुले एवं ढीले तारों का प्रयोग न हो तथा विद्युत कनेक्शन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हों। संबंधित विद्युत  एवं अग्नि सुरक्षा अधिकारी पंडालों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शोभायात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। पंडालों तथा शोभायात्रा मार्ग के आसपास अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। यातायात पुलिस आवश्यकतानुसार व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी आवागमन में परेशानी न हो। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने  संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए त्योहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, राजेश यादव,क्षेत्राधिकारी पुलिस कुलदीप यादव,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता, यातायात पुलिस एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान सतर्कता बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।