कार्तिक पूर्णिमा पर श्रध्दालुओं की सुरक्षा एंव सुविधा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 23 नवम्बर 2026,( सू.वि.,) कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने माझा खुर्द टाण्डा पुल के दोनों तरफ तथा ग्राम सभा वैष्णोपुर में आयोजित होने वाले मेले के स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। 23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के समीप बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान, पूजा-पाठ तथा वैष्णोपुर में स्थानीय मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भीड़ जुटने की संभावना के मद्देनजर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने टाण्डा पुल के दोनों तरफ गोताखोर, स्टीमर एवं नाव, खोया पाया कैम्प, मेडिकल कैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्नान के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने घाट एवं कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि टाण्डा पुल एवं कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहे, जिससे किसी भी श्रद्धालु को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम स्थल पर फायर बिग्रेड, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य अग्नि सुरक्षा इंतजाम भी दुरुस्त रखने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पर्व एवं मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सुनंदु सुधाकरन, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती तथा उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बहादुरपुर राम विषाल, मेला अध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।