मण्डलीय खादी ग्राम उद्योग विभाग द्वारा 15 दिवसीय माटी कला शिल्पकारी प्रशिक्षण प्रारम्भ।

बस्ती(उ0प्र0)-  26 फरवरी 2026, (सू.वि.) उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मंडलीय खादी ग्राम उद्योग प्रशिक्षण केंद्र पिकौरा बक्श बस्ती में 26 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक आयोजित 15 दिवसीय माटी कला शिल्पकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्ष 2025-26 जनपद सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, अयोध्या व बस्ती के प्रशिक्षणार्थियों के बैच का शुभारंभ जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा के कर कमलों से हुआ। 

        इस 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद संत कबीर नगर के 20, सिद्धार्थनगर के 20 एवं बस्ती के 05 तथा अयोध्या के 05 कुल 50 माटी का लाभार्थी उपस्थित रहंे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा लाभार्थियों को माटी कला से संबंधित विभिन्न उत्पादों की जानकारी तथा उसकी महत्ता पर प्रकाश डालते हुए यह भी बताया गया कि परंपरागत मशीनों के स्थान पर आधुनिक माटी कला से संबंधित मशीनों का शत प्रतिशत उपयोग कर अधिक से अधिक उत्पादन कर अधिक लाभ अर्जित किया जा सकता है। 

      इस प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य ध्यानचंद द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता तथा महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान लाभार्थियों को अनुमन्य सभी सुविधाएं मुहैया कराने एवं प्रशिक्षण समाप्ति के उपरांत लाभार्थियों के खाते में 15 दिन की छात्रवृत्ति उपस्थिति के आधार पर ढाई सौ रुपया प्रतिदिन की दर से कुल 3750 मंत्र लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रेषित की जाएगी। लाभार्थियों के रहने खाने की सुविधा निशुल्क है। माटी कला से संबंधित विभिन्न विधाओं की जानकारी विषय विशेषज्ञों के द्वारा लाभार्थियों को प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्हें माटी कला की क्रियात्मक व सैद्धांतिक प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर अवधेश कुमार प्रजापति द्वारा लगातार 15 दिन तक दी जाएगी। 

     कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण केंद्र के वैयक्तिक  सहायक रामनिवास गुप्ता द्वारा माटी कला के विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार रूप से लाभार्थियों को बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण केंद्र के प्रधान सहायक दुर्गा प्रसाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के वरिष्ठ सहायक जितेंद्र कुमार कंप्यूटर ऑपरेटर, सुजीत कुमार एवं दूसरे मास्टर ट्रेनर पारसनाथ भी उपस्थित रहें।