सेवानिवृत पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन अदालत 30 मार्च को।

बस्ती(उ0प्र0)- 25 मार्च 2026 (सू.वि.), बस्ती मण्डल बस्ती के सेवानिवृत्त पेंशनरो की समस्याओं एवं उनके कार्यालयध्यक्षो के यहाँ उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त कार्यालय सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 की पेंशन अदालत का आयोजन दिनांक 30 मार्च 2026 को अपरान्ह 04 बजे निर्धारित है। 

उक्त जानकारी देते हुए  संयोजक पेंशन अदालत/अपर निदेशक, कोषागार एवं पेशन आत्म प्रकाश बाजपेयी ने बस्ती मण्डल के समस्त राजकीय कार्यालयो के सेवानिवृत्त समूह ख तक के राजपत्रित अधिकारियों तथा अन्य शासकीय सेवकों तथा मृत शासकीय सेवको के परिवारों जिन्हें अपने सेवानिवृत्तिक देयकों से संबन्धित समस्या हो, वे अपना प्रत्यावेदन निर्धारित प्रारूप पर अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन,बस्ती मण्डल, बस्ती कार्यालय से अथवा मण्डल के किसी भी कोषागार से प्राप्त कर दिनांक 28 मार्च 2026 तक संयोजक पेंशन अदालत/अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन, बस्ती मण्डल, बस्ती स्थान शास्त्री चौक, बस्ती के कार्यालय में जमा कर दें तथा प्रत्यावेदन की एक प्रति अपने स्तर से भी संबन्धित कार्यालयध्क्ष विभागाध्यक्ष को प्रेषित कर दें जिससे उन प्रत्यावेदनों के सापेक्ष संबन्धित कार्यालयध्क्ष विभागाध्यक्ष से अनुपालन आख्या प्राप्त कर पेंशन अदालत में प्रस्तुत लंबित प्रकरणो/ शिकायतों का निस्तारण कराया जा सके। 

       उन्होने बताया कि इस अदालत मे केवल राजकीय सेवको के पेंशन/पारिवारिक पेंशन, उपदान, राशिकरण एवं अन्य सेवानिवृतिक देयकों से संबन्धित समस्याओ का नियमो की सीमा में रहते हुये निस्तारण किया जाएगा। राज्य कर्मचारियों के अतिरिक्त जैसे नगर निगम, जिला परिषद जल निगम आदि से सेवानिवृत्त शासकीय सेवको के लंबित प्रकरणो पर इस पेंशन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा। दिनांक 01 दिसम्बर 2011 से पूर्व सेवानिवृत्त शासकीय सेवको के लंबित प्रकरणों पर इस कायर्यालय में विचार नहीं किया जा सकेगा।