खेत बचाओ अभियान–2026: प्राकृतिक खेती, मृदा संरक्षण एवं पोषण सुरक्षा पर किसानों को मिला वैज्ञानिक मार्गदर्शन
बस्ती(उ0प्र0)–11 जून 2026,कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती द्वारा खेत बचाओ अभियान–2026 के अंतर्गत विकास खंड गौर की ग्राम पंचायत रघुनाथपुर एवं मूसहा में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के संतुलित उपयोग को प्रोत्साहित करना, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा पोषण सुरक्षा के प्रति किसानों को जागरूक करना है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष भाजपा लवकुश शुक्ला, संजय मिश्र, प्रगतिशील किसान फूलचन्द्र, देवनारायण, शिवपाल सिंह एवं गंगाराम चौधरी, इफको प्रतिनिधि, एडीओ (कृषि), एटीएम, बीटीएम सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अनेक किसान उपस्थित रहे |
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती के वैज्ञानिक डॉ. वी. बी. सिंह एवं डॉ. अंजली वर्मा ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जीवामृत, घनजीवामृत, मृदा परीक्षण, फसल अवशेष प्रबंधन तथा जल संरक्षण की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. अंजली वर्मा ने पोषण वाटिका, श्री अन्न, संतुलित आहार तथा स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भोजन में तेल, नमक एवं चीनी के सीमित उपयोग की आवश्यकता बताई तथा स्वस्थ परिवार एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान किसानों को “मिट्टी बचाओ–खेत बचाओ, प्राकृतिक खेती अपनाओ, “जल बचाओ–भविष्य बचाओ” तथा “स्वस्थ भोजन–स्वस्थ जीवन" का संदेश दिया गया।