कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती (उ0प्र0)–09 अगस्त 2026, ( सू. वि. ),श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में स्थापित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिले के प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड एवं स्ट्रीमिंग की बारीकी से जांच की गई। शहर एवं कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों को जूम-इन कर सुरक्षा व्यवस्था की लाइव स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत मीडिया को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा की व्यापकता एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग एवं जनपद को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग की सड़कों की मरम्मत का कार्य पूर्व में ही पूर्ण करा लिया गया है। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पूरे कांवड़ रूट पर सब-स्टेशन (संयुक्त कंट्रोल रूम) स्थापित किए गए हैं, जहां विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में इन टीमों द्वारा तत्काल आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरान्त अधिकारियों ने बस्ती से अयोध्या गोण्डा बॉर्डर तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल,मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती,उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी,राजेश यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।