नदी द्वारा कटान स्थल का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण।

बस्ती(उ0प्र0)-  13 अगस्त 2026 ,(सू.वि.,) जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा विक्रमजोत-धुसवा तटबंध के किमी 9.510 से 9.900 के मध्य हो रहे कटान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कटान एवं तटबंध की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

      निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तटबंध की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कटान प्रभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि जलस्तर एवं नदी की धारा में होने वाले परिवर्तन पर सतर्क दृष्टि रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि तटबंध को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाया जा सके।

    अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खंड द्वारा बताया गया कि कटान प्रभावित क्षेत्र में लगातार प्रोटेक्शन वर्क कराया जा रहा है। विभागीय टीम द्वारा मौके पर आवश्यक संसाधनों एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए तटबंध की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों के कारण वर्तमान में तटबंध सुरक्षित है।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रोटेक्शन वर्क में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

     जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन एवं बाढ़ खंड की टीम तटबंध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। कटान की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षात्मक कार्यों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करते हुए तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।