निःशुल्क लाही बीज मिनी किट प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन 30 सितम्बर तक।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 09 सितम्बर 2026,( सू.वि., )जनपद बस्ती को 800 पैकेट निःशुल्क तोरिया मिनीकिट वितरण का लक्ष्य प्राप्त है। उक्त जानकारी देेते हुए उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने जनपद के समस्त सम्मानित कृषक भाईयों को बताया है कि जिन क्षेत्रों में विभिन्न प्राकृतिक परिस्थितियोंवश कृषकों द्वारा खरीफ की फसल की बुवाई नहीं की जा सकी या बुवाई की गयी फसल नष्ट हो गई है, ऐसे क्षेत्र के कृषकों द्वारा रबी फसल की बुवाई से पूर्व इस अवधि में तोरिया (लाही) फसल की बुवाई सफलतापूर्वक सितम्बर माह के प्रथम पखवारे में की जा सकती है।
उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कृषि विभाग के अर्न्तगत संचालित “राज्य सहायतित निःशुल्क तिलहन बीज मिनीकिट वितरण, प्रदर्शन एवं प्रसार कार्यक्रम के अर्न्तगत तोरिया (लाही) फसल का दो किलोग्राम मात्रा का बीज मिनीकिट निःशुल्क प्राप्त करने हेतु कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत कृषकों के द्वारा ऑनलाइन आवेदन आगामी 30 सितम्बर 2026 तक पोर्टल संचालित है। कृषकों द्वारा पोर्टल agridarshan.up.gov.in पर तोरिया बीज मिनीकिट की बुकिंग की जा सकती है।
उन्होने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले कृषकों को बीज मिनीकिट आवेदन अवधि में प्राप्त आवेदकों के मध्य लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने के दशा में ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जायेगा। एक कृषक को केवल एक मिनीकिट बीज प्राप्त हो सकेगा। चयनित कृषकों को पीओएस मशीन के माध्यम से राजकीय कृषि बीज भण्डारों से बीज मिनीकिट वितरित किया जायेगा।