ईवीएम एंव वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच 12 अक्टूबर से ।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र)– 11 अक्टूबर 2026, (सू.वि.) आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 12 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी। यह प्रक्रिया ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस, बस्ती स्थित एफएलसी हॉल में कार्य समाप्त होने तक संचालित की जाएगी। जांच का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया यह कार्य संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एफएलसी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। एफएलसी की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन संबंधी नियमावली (Manual on Electronic Voting Machine) में उल्लिखित है, जो आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर उपलब्ध है।
एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है, जिससे जांच कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके।
जिला मुख्यालय पर स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी इस प्रक्रिया के अवलोकन के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में 7 अक्टूबर 2026 को सभी संबंधित राजनीतिक दलों को लिखित रूप से पत्र भेजा गया था। अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि संबंधित दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा भी की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।