आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न।

बस्ती(उ0प्र0- 07 अक्टूॅबर 2026 ,(सू.वि.,) विशेष सचिव, पंचायती राज, उत्तर प्रदेश शासन/जनपद के नामित नोडल अधिकारी राजेश त्यागी की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकासखंड हर्रैया, कुदरहा, सल्टौआ गोपालपुर एवं विक्रमजोत में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

       नोडल अधिकारी ने चारों आकांक्षात्मक विकास खंडों में शासन द्वारा निर्धारित विकास के विभिन्न मानकों एवं संकेतकों के आधार पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

      उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों का मुख्य उद्देश्य विकास के विभिन्न मानकों में सुधार लाकर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा, जहां निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति अपेक्षाकृत कम है। ऐसे बिंदुओं को चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा उसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

      उन्होने निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा विभागीय अधिकारी योजनाओं की प्रगति का स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक विकास खंडों के निर्धारित संकेतकों में सुधार के लिए नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। साथ ही विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से त्वरित समाधान किया जाए।

     बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, सीवीओ डा. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, एलडीएम आर.एन. मौर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।