दुर्गा पूजा त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा।

बस्ती(उ0प्र0)-  12 अक्टूॅबर 2026,( सू.वि.,) दुर्गा पूजा त्योहार एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने हर्रैया बाजार एवं महू घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा मूर्ति विसर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ करें।

      निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, क्रेन एवं नाव सक्रिय अवस्था में उपलब्ध रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैद रहें। विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

      जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में बिजली के तारों, कनेक्शनों, अस्थायी विद्युत लाइनों एवं अन्य उपकरणों की जांच कराई जाए। कहीं भी खुले तार, ढीले कनेक्शन अथवा अन्य जोखिमपूर्ण स्थिति नहीं होनी चाहिए। विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा अग्निशमन से संबंधित आवश्यक इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

     उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन मार्गों एवं घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन की व्यवस्था बेहतर रखी जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

      जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी प्रदुम्न कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस स्वर्णिमा सिंह, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अधिशासी अभियन्ता विद्युत शुभम पाण्डेय अधिशासी अधिकारी नगरपंचायत हर्रैया शिव प्रताप सिंह, हर्रैया के चेयरमैन कौशलेन्द्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।