कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रह जाय -जिलाधिकारी, बस्ती।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)–17 अक्टूॅबर 2026 (सू.वि.,) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शनिवार को आयोजित विशेष कैंप में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने रुधौली विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय, रुधौली कला स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। साथ ही, जिन नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान उप जिलाधिकारी रूधौली अहमद फरीद खान सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।