बस्ती(उ0प्र0)- 07 मार्च 2026 (सू.वि.), राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी व सफलता हेतु माननीय जनपद न्यायाधीश शमसुल हक द्वारा प्री-ट्रायल मीटिंग आहूत की गयी।
माननीय जनपद न्यायाधीश, बस्ती द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 14 मार्च 2026 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं समस्त तहसील मुख्यालयों में किया जायेगा। उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परकाम्य लिखत अधिनियम की धारा-138 से सम्बन्धित मामलें, बैंक वसूली से सम्बन्धित मामलें, मोटर दुर्घटना से सम्बन्धित प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वादों, पारिवारिक वादों, भूमि अधिग्रहण से सम्बन्धित वादों, विद्युत एवं जलकर विवाद (चोरी से सम्बन्धित विवादों सहित), सर्विस में वेतन सम्बन्धी विवाद एवं सेवानिवृत्त लाभों से सम्बन्धित विवाद, राजस्व सम्बन्धी वाद, अन्य सिविल वाद (किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद, आर्बिट्रेशन (हायर पर्चेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवाद) एवं उक्त के अतिरिक्त ऐसे अन्य प्रकार के जिन वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर हो सकता है, उन्हें भी अधिक से अधिक संख्या में नियत कर निस्तारित किया जायेगा।
उक्त प्री-ट्रायल मीटिंग में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राज बाबू सहित लीड बैंक के प्रबंधक आर.एन. मौर्या, भारतीय स्टेट बैंक शाखा बस्ती, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया के शाखा प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक, उ.प्र.ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक तथा चोला मंडलम बैंक व श्रीराम फाइनेन्स कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।