अफवाहों पर ध्यान न दें ,जनपद में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध है।

बस्ती(उ0प्र0)-  13 मार्च 2026,( सू. वि.,,)जनपद के सम्मानित गैस उपभोक्ताओं को  सूचित किया जाता है कि जनपद में गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त आवक/उपलब्धता हैं,उक्त जानकारी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने  बताया है कि किसी को भी गैस सिलेण्डरों की कमी होने की अफवाहों से घबराने की आवश्यकता नही है। 

आप बिना किसी भय के अपने पास उपलब्ध गैस सिलेण्डरों का उपयोग करें अतिरिक्त गैस सिलेण्डर भण्डारित करने से बचें, आपको आश्वस्त किया जाता है कि आपका गैस सिलेण्डर खत्म होने की स्थिति में आपको सिलेण्डर की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी जायेगी, एतद् हेतु आपको अपने गैस कम्पनी के बुकिंग नम्बर पर ऑनलाइन फोन से बुकिंग करानी होगी। भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लि0 का आई0वी0आर0एस0 बुकिंग नम्बर 7718012345, इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन लि0 का आई0वी0आर0एस0 बुकिंग नम्बर 8454955555 एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लि0 का आई0वी0आर0एस0 बुकिंग नम्बर 9222201122/9493602222 है। 

आप उक्त पर अपनी कम्पनी के अनुसार फोन करके अपना बुकिंग दर्ज करा सकते है, बुकिंग कन्फर्म होने के पश्चात् आपके मोबाइल पर पंजीकृत बुकिंग का ओ0टी0पी0 जनरेट हो जाता है, जिसका मैसेज आपके उसी मोबाइल पर प्राप्त होता है, जिसे आप अपने अधिकृत गैस एजेन्सी पर जाकर गैस बुकिंग कराते समय उक्त ओ0टी0पी0 नम्बर देकर अपना गैस सिलेण्डर प्राप्त कर सकते है, दूसरी बुकिंग 25 दिन के पश्चात् पुनः ऑनलाइन किया जाना प्राविधानित है।

जनपद में संचालित कुल-40 गैस एजेन्सियों पर कुल-583379 घरेलू गैस सिलेण्डर सम्बद्ध है, जिसके सापेक्ष प्रति दिवस औसतन 10 हजार गैस सिलेण्डर रिफिल हेतु ऑयल कम्पनियों द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें कोई कमी नही की गयी है। आवक पूर्व की भांति गतिमान है। आज दिनांक-13 मार्च 2026 को 9494 घरेलू गैस सिलेण्डरों की आवक जनपद के विभिन्न गैस एजेन्सियों पर प्राप्त हुई, जिसका नियमानुसार वितरण जिलाधिकारी महोदया के निर्देशन में उपभोक्ताओं को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षकों एवं पुलिस बल की उपस्थिति में कराया गया है। जनपद में गैस वितरण से सम्बन्धित समस्याओं के निस्तारण में कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी के कक्ष में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है, जिसमें राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग एवं पुलिस विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गयी है, जो समस्याओं का अनुश्रवण कर उसका सम्यक निस्तारण करा रहे है। कन्ट्रोल रूम का दूरभाष नम्बर-05542-247128 है। 

उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू गैस सिलेण्डर केवल घरेलू भोजन बनाने हेतु अनुमन्य है, इसका किसी भी दशा में व्यवसायिक/अन्य प्रयोग यथा-वाहन, वेल्डिंग आदि में किया जाना/अनुचित भण्डारण किया जाना नियम विरूद्ध है, ऐसी स्थिति पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही का भी प्राविधान है। 

अतएव सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि बिना परेशान हुए अफवाहों से बचते हुए अपने गैस सिलेण्डर का उपयोग करें, गैस सिलेण्डर खत्म होने के बाद रिफिल सिलेण्डर उपलब्ध कराये जाने हेतु खाद्य एवं रसद विभाग कटिबद्ध है। गैस भोजन पकाने के लिए है, आप सम्मानित वैध कनेक्शनधारक उपभोक्ता नियमों के अनुसार बुकिंग कर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस प्राप्त कर सकते है। एतद् हेतु एजेन्सी पर आने की आवश्यकता नही है, अपनी समस्या का समाधान कॉल सेन्टर के माध्यम से प्राप्त कर सकते है। 

गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने हेतु क्षेत्रीय प्रबन्धक/विक्रय अधिकारी आई0ओ0सी0एल0, बी0पी0सी0एल0 एवं एच0पी0सी0एल0 को भी दूरभाष से अनुरोध किया गया है, जिसमें समस्त सम्बन्धित जनपद बस्ती को अपेक्षित लोड/रिफिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों, जनपद के समस्त प्रााथमिक विद्यालयों में गैस की उपलब्धता  प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराने हेतु सम्बन्धित गैस एजेन्सियों को निर्देशित कर दिया गया है।