किसानों को बीजों का वितरण ऑनलाइन बुकिंग से ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।

बस्ती(उ0प्र0)–  24 अप्रैल 2026 (सू.वि.), जनपद के समस्त पंजीकृत किसानों को खरीफ 2026 के लिए विभिन्न योजनाओं के अर्न्तगत समस्त प्रकार के बीज वितरण पहले आओ पहले पाओं के स्थान पर आनलाइन बुकिंग के माध्यम से ई-लाटरी के माध्यम से किया जायेगा। उक्त जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम ने बताया कि लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी पद्धति द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के माध्यम से पारदर्शी ढंग से किया जायेगा।

      उन्होने बताया कि इच्छुक कृषक जो खरीफ 2026 के दृष्टिगत विभिन्न योजनार्न्तगत सामान्य बीज वितरण जैसेः-ढैंचा, धान, अरहर, उर्द एवं मूंग-मिनीकिट बीज श्री अन्न (मिलेट्स) ज्वार, बाजरा, सांवा कोदो एवं रागी एवं दलहनी मिनीकिट उर्द, अरहर एवं मूंग तथा तिलहनी मिनीकिट तिल समान्य वितरण संकर बीज जैसेः-संकर धान एवं संकर ज्वार का लाभ प्राप्त करना चाहते है, वे विभागीय वेबसाइट कृषि दर्शन-1 पोर्टल (https://agriculture.up.gov.in) पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन बुकिंग/आवेदन करें।

उन्होने बताया कि किसान भाई विभाग के पोर्टल पर जाकर स्वयं या जनसेवा केन्द्र के माध्यम से अपनी पसंद के बीज की ऑनलाइन बुकिंग करें। बुकिंग की अन्तिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित है और 10 मई 2026 के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। पात्रता केवल विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत किसान ही अपनी आवश्कतानुसार बीज प्रमाणित, मिनीकिट बीज, संकर बीज की बुकिंग कर सकते है। कृषि विभाग में पंजीकृत कृषक ही सामान्य बीज, मिनीकिट बीज हेतु बुकिंग/आवेदन कर सकेगा।

      उन्होने यह भी बताया है कि जनपद में लक्ष्य से अधिक आवेदन होने के उपरान्त बीज प्राप्त करने वाले किसानों का चयन निष्पक्ष रूप से ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा। चयन के उपरान्त चयनित कृषक अपने विकास खण्ड के राजकीय कृषि बीज भण्डार से पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर निःशुल्क वितरित होने वाले मिनीकिट बीज प्राप्त करेंगे तथा सामान्य वितरण अनुदानित बीज के लिए कृषक अंश जमा कर प्राप्त करेंगे। यह व्यवस्था सामान्य बीज वितरण और मिनीकिट बीज वितरण दोनो ही योजनाओं पर लागू होगी। अधिक जानकारी के लिए जनपद के संबंधित उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भण्डार या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिको से सर्म्पक करें।