संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी0एड0 2026 आगामी 31 मई को ।

बस्ती(उ0प्र0)–  29 मई 2026 (सू.वि.), बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झॉसी द्वारा आयोजित उ.प्र. संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड. 2026 की परीक्षा 31 मई 2026 को जनपद बस्ती के 12 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी। दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा का प्रथम सत्र पूर्वान्ह 09ः00 बजे से मध्यान्ह 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपरान्ह 02ः00 बजे से अपरान्ह 05ः00 बजे तक संचालित होगा। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र हेतु केन्द्र प्रतिनिधि, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित किये गये है। 

      जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

     जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित समय से पूर्व प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा उनकी सघन जांच की जाए। परीक्षा केन्द्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा संचालन में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

     पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। परीक्षा केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एएसपी श्याम कान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।