शिक्षामित्र सम्मान एंव बढ़े मानदेय वितरण समारोह का सफल आयोजन।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– बस्ती 05 मई 2026,( सू.वि.,) बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय हाल, बस्ती में गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह एवं जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्र-छात्राओं द्वारा मॉ सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मण्डलायुक्त ने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होने सभी शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करते रहें।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था की नींव बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर शिक्षामित्रों को रू. 18,000 के बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक वितरित किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में निपुण भारत मिशन एवं समेकित शिक्षा से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर, अंकुर वर्मा एवं जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में शिक्षामिश्र उपस्थित रहे।