शांति एंव सौहार्द के साथ मनाएं मुहर्रम का त्योहार -जिलाधिकारी,बस्ती।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती (उ0प्र0),19 जून 2026( सू.वि., )आगामी मोहर्रम त्यौहार के अवसर पर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना व पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने पीस कमेटी की बैठक कलेक्टेªट सभागार में आहूत की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों को शांति एवं सौहार्द के साथ मुहर्रम का त्यौहार मनाये जाने की अपील की तथा त्यौहार के आयोजन के सम्बन्ध में शासन द्वारा जारी गाइडलाइन से भी अवगत कराया और लोगों से अपेक्षा किया कि शासन व प्रशासन द्वारा जारी हिदायत पर अमल करें और सौहार्द के साथ मिलजुलकर त्यौहार मनायें।
उन्होंने कहा कि तहजिये की ऊंचाई मानक के अनुसार हो तथा विवादित स्थल पर तहजिया नहीं रखी जायेगी। इसके साथ ही कोई नई परम्परा नहीं आयोजित की जायेगी। प्रत्येक जुलूस की सूचना सम्बन्धित थानांे को दी जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि डी0जे0 मानक के अनुसार ही बजाये जायेंगे तथा 18 से कम आयु के नाबालिग बच्चों को जुलूस का हिस्सा न बनाया जाये। जुलूस के दौरान शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जायेगा।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रास्तों का निरीक्षण कर लिया जाय। जुलूस वाले रास्ते में पड़ने वाले ढीले तार व आवश्यकतानुसार पेड़ों के टहनियों की कटाई-छंटाई ससमय कर दी जाए। उन्होंने ईओ नगरपालिका तथा डीपीआरओ को साफ-सफाई के लिए भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह त्यौहार गमी का त्यौहार है। इसे शान्तिपूर्ण तरीके से मनाया जाय। उन्होने कहा कि तहजिया को निर्धारित समय के अनुसार ही कर्बला में दफन किया जाय। कोई गैर परमपरागत कार्य न किया जाय। तहजिया विवादित स्थलों पर न रखा जाय, जो रूट निर्धारित है उसका पालन किया जाय। उन्होने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाया जाय और न ही ध्यान दिया जाय। उन्होने कहा कि पुलिस हेल्पलाईन 112, फायर ब्रिगेड व एंबुलेन्स की गाडिया क्रियाशील रहें। उन्होने पुलिस से संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर लें। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर ने भी भाई-चारे के साथ त्यौहार मनाये जाने का अपील किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव निगम, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येन्द्र सिंह, राजेश यादव, सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी पुलिस, एस0एच0ओ0, विधायक प्रतिनिधि सदर मो. सलीम, सरदार जगवीर, जीशान हैदर रिजवी, शहनशाह आलम, संभ्रान्त नागरिक सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।