सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जाय -मण्डलायुक्त, बस्ती।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 22 जून 2026 ,(सू0वि0,) अवैध कटों को तत्परता से बन्द कराया जाय, गति सीमा, ओवरलोडिंग, ड्रिंक एण्ड ड्राइव, सड़क संकेतक, समुचित प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क सुरक्षा के सभी मानकों के दृष्टिगत प्रवर्तन टीम द्वारा सक्रियता से कार्य किया जाए। आयुक्त सभागार में आयोजित मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उक्त निर्देश मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने दिया। उन्होने कहा कि शासन गाइडलाईन के अनुसार स्पष्ट दिशा निर्देश है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जाय। विभागीय अधिकारीगण आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जनहित में कार्य संपादित करें।
बैठक में परियोजना निदेशक एन.एच.आई. ने बताया कि मण्डल में एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेन्ट सिस्टम के अंतर्गत लखनऊ से गोरखपुर हाइवे पर 238 सीसीटीवी कैमरे, 11 वीआईडीईएस, 18 वैरिएवल मैसेज साइन डिस्प्ले, 24 व्हीकल एक्ट्यूटेडेड स्पीड डिटेक्सन सिस्टम, 2 एटीएमएस कन्ट्रोल सेन्टर, 3 मोबाइल रेडियो कम्युनिकेशन सिस्टम तथा 122 इमरजेन्सी कम्युनिकेशन सिस्टम 23 जनवरी 2027 तक लक्ष्य के अनुरूप स्थापित करा दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अनुमोदनोपरान्त सभी प्रकार के संकेतक बोर्ड लगाये जाने हेतु बोर्डस तैयार किये जा रहे हैं, आगामी महीने में इसे पूर्ण करा लिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि लखनऊ-गोरखपुर खण्ड पर मण्डल सीमा के अंतर्गत दो टोल प्लाजा स्थित है जिन पर दो एम्बुलेन्स, दो क्रेन और दो पेट्रोलिंग वाहन लगाये गये हैं जिसमें गैस कटर सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। चिन्हित अवैध कटों को मेटल बीम क्रैश वैरियर वी स्टील रेलिंग लगाकर बंद करा दिया गया है।
यातायात निरीक्षक बस्ती ने बताया कि बडेवन पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने तथा हाईमास्ट क्रियाशील न होने के कारण वाहनों के आवागमन में असुविधा उत्पन्न हो रही है। इस संदर्भ में एन.एच.आई. के निदेशक द्वारा बताया गया कि शीघ्र ही प्रकाश व्यवस्था संचालित करा दिया जायेंगा। मण्डलायुक्त के निर्देश के क्रम में आरटीओ (प्रशासन) फरीउद्दीन ने बताया कि वाहनों की फीटनेश, लाईसेंश की वैधता तथा ड्रिंकर चालको की गहनता से चेंकिंग की जा रही है तथा संबंधित प्रकरण में त्वरित कार्यवाही भी की जा रही है।
जनपद में गुड सेमेरिटन/हाईवे देवदूत के रूप में कार्य करने वाले हिट एण्ड रन कमेटी के सदस्य प्रमोद ओझा ने बताया कि टोल फ्री नं0 पर सम्पर्क करने पर तत्काल रिस्पांस नहीं मिलता है, इसके लिए अलग से टोल फ्री नं0 जारी किया जाए तो तात्कालिक रूप से सक्रिय कार्य करे।
बैठक का संचालन आरटीओ प्रर्वतन बस्ती मण्डल सुरेश कुमार मौर्या ने किया। इसमें मुख्य चिकित्साधिकारी बस्ती राजीव निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी संतकबीर नगर, एएसपी श्यामकान्त, सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ल, एआरटीओ संजय सिंह, प्रियंवदा, सीओ ट्रैफिक अमित कुमार, अध्यक्ष टैक्सी संचालन बस्ती देवेन्द्र सिंह सहित संबंधित मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।