ग्राम प्रशासकों से योग दिवस के सफल आयोजन की अपील ।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 18 जून 2026 ,(सू.वि.,) जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल द्वारा गुरूवार को जनपद के निवर्तमान/प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिवों और सहायक विकास अधिकारी (पं०) को 21 जून 2026 अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन के आवश्यक तैयारिया पूर्ण करने के सम्बन्ध में जूम वीसी (वर्चुअल) माध्यम से सम्बोधित किया गया। सम्बोधन के दौरान प्रशासकगण को शासन के निर्देशों से अवगत कराया गया और योग दिवस के सफल आयोजन कराने का अपील किया गया।
उन्होने कहा कि 20 जून को समस्त ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों यथा पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय सहित समस्त सरकारी भवन, पार्क और अमृत सरोवरों के पास वृहद सफाई अभियान संचालित करना है। सफाई अभियान में अधिक से अधिक ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी है। 21 जून 2026 को ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थानों पर अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। योग कार्यक्रम का समय प्रातः 06 बजे से 08 बजे तक निर्धारित है और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों को शामिल करना है।
उन्होने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के लिए वर्चुअल प्रचार माध्यमों सहित ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रह वाले कचरा वाहनों का प्रयोग किया जाय। जिसमें लाउडस्पीकर/ध्वनि प्रसारक लगा कर भी प्रचार किया जाय। 20 जून व 21 जून 2026 के कार्यक्रमों के लिए बैनर भी बनवा लिए जाय। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाय। जिन ग्राम पंचायतों का कार्यक्रम अच्छा और दर्शनीय होगा उनके ग्राम प्रधान और सचिव को जनपद स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। इसी के साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान में टीबी के संक्रमित मरीजों को ग्राम प्रधान की ओर से पोषण पोटली दिये जाने का अपील किया गया।