30 वीं वाहिनी पीएसी के प्लाटून कमांडर ने जनपद में बाढ़ से निपटने की तैयारियों का अवलोकन किया।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 31 जुलाई 2026 ,(सू.वि.,) जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आज पीएसी की 30वीं वाहिनी, गोंडा की बाढ़ राहत एवं बचाव ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बस्ती का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु की गई तैयारियों का अवलोकन करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करना था।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने पीएसी दल का स्वागत करते हुए जनपद बस्ती की भौगोलिक एवं आपदा संबंधी परिस्थितियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, प्रमुख नदियों, संवेदनशील तटबंधों, संभावित जोखिम वाले ग्रामों, राहत शिविरों, निकासी मार्गों, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
आपदा विशेषज्ञ ने 30वीं वाहिनी, पीएसी, गोंडा के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार को जनपद की ‘‘बाढ़ तैयारी पुस्तिका‘‘ भी भेंट की। इस पुस्तिका में जनपद की बाढ़ संबंधी समस्त महत्वपूर्ण जानकारियाँ, विभागवार दायित्व, आपदा प्रबंधन की मानक कार्यप्रणाली, राहत एवं बचाव संसाधनों का विवरण, संपर्क सूची तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली कार्ययोजना का समावेश है।
बैठक के दौरान प्लाटून कमांडर को अवगत कराया गया कि जनपद में बाढ़ राहत एवं बचाव से संबंधित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक निविदा प्रक्रियाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली गई हैं। इसके अतिरिक्त राहत सामग्री, नावों की व्यवस्था, खोज एवं बचाव उपकरण, आश्रय स्थलों की तैयारी, चिकित्सा सुविधाएँ, पेयजल, विद्युत, पशु चिकित्सा, संचार व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक पूर्व तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं तथा विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय स्थापित कर प्रभावी आपदा प्रतिक्रिया सुनिश्चित की गई है।
पीएसी दल द्वारा जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की गई तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का आश्वासन दिया गया।
जिला प्रशासन ने पुनः यह स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनपद स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।