पीएसी प्लाटून कमांडर द्वारा बाढ़ सुरक्षा एंव आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित ।

बस्ती(उ0प्र0)–  03 अगस्त 2026( सू.वि.,) जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में संचालित बाढ़ पूर्व तैयारियों एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर में बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को संभावित बाढ़ की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, समय रहते तैयारी तथा आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।

       कार्यक्रम में 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा की बाढ़ राहत टीम के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बाढ़ के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयं की सुरक्षा एवं खोज एवं बचाव से संबंधित व्यावहारिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया। इस दौरान टीम द्वारा लाइफ जैकेट के सुरक्षित उपयोग, बाढ़ के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, सुरक्षित स्थानों तक पहुँचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सामुदायिक सहयोग की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया।

       कार्यक्रम में जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने बाढ़ आने से पूर्व की जाने वाली आवश्यक तैयारियों, परिवार एवं पशुधन की सुरक्षा, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने, आपातकालीन किट तैयार करने, मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर सतत निगरानी रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ के दौरान एवं उसके उपरांत अपनाई जाने वाली क्या करें एवं क्या न करें, की भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

      रंजीत रंजन ने वर्षा एवं बाढ़ के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को इससे बचाव एवं प्राथमिक उपचार के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में किसी प्रकार के झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर विश्वास न करें, रोगी को शांत रखें, प्रभावित अंग को कम से कम हिलाएँ तथा तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाकर चिकित्सकीय उपचार कराना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

     कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने तथा अपने गांव को अधिक सुरक्षित एवं आपदा-प्रतिरोधी बनाने का संकल्प लिया।

     जनपद प्रशासन द्वारा संचालित यह जन-जागरूकता अभियान आगामी दिनों में बाढ़ संभावित अन्य ग्रामों में भी निरंतर आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रत्येक नागरिक आपदा के प्रति जागरूक एवं तैयार रह सके।