जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं, अफवाहों से सावधान रहें ।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)–बस्ती 25 अगस्त 2026 (सू. वि. ) जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सचिव मण्डी समिति, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, बभनान, मुण्डरेवा एवं रूधौली चीनी मिल के प्रतिनिधियों एवं थोक विक्रेताओं की संयुक्त बैठक आहूत किया गया।
जिसमें रूधौली चीनी मिल के प्रतिनिधि द्वारा चीनी का थोक मूल्य रूपया-5320/- प्रति कुन्टल, बभनान चीनी मिल के प्रतिनिधि द्वारा चीनी का थोक मूल्य रूपया-5411/- एवं मुण्डेरवा चीनी मिल के प्रतिनिधि द्वारा चीनी का थोक मूल्य रूपया-6200/- बताया गया, मिल के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि चीनी 03 श्रेणी की होती है, प्रथम श्रेणी में सल्फरलेस चीनी होती है, जिसका खुदरा मूल्य रूपया-65/- प्रति किग्रा0 है, द्वितीय श्रेणी में सल्फरयुक्त चीनी जिसका खुदरा मूल्य रूपया-60 से 62/- प्रति किग्रा0 है, तृतीय श्रेणी में महीन दाने वाले चीनी जिसका खुदरा मूल्य रूपया-59/- प्रति किग्रा0 है।
बैठक में थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि चीनी मिल से प्राप्त होने वाली चीनी का विक्रय नियमानुसार खुदरा व्यापारियों को करते हुए स्टॉक की अद्यतन स्थिति दैनिक रूप से ऑनलाइन अपडेट करें तथा किसी भी स्थिति में चीनी का विक्रय बाजार मूल्य से अधिक मूल्य पर न किया जाये तथा चीनी का स्टॉक होल्ड न किया जाये। चीनी मिल के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गयी कि भारत सरकार द्वारा जनपद हेतु आवंटित कोटे के अनुसार थोक विक्रेताओं को चीनी का विक्रय नियमानुसार किया जाये।
बैठक में बताया गया कि जनपद में चीनी पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, चीनी की कोई कमी नही है, चीनी की कमी की अफवाह से बचते हुए दैनिक उपभोग हेतु सामान्य रूप से चीनी का उपयोग करे तथा अफवाह के भ्रम में आकर चीनी की खरीद अधिक मूल्य पर न करें। अवैध भण्डारण करने/गलत सूचना/अफवाह फैलाने की स्थिति में दोषी पाये गये व्यक्ति के विरूद्ध विधिक/विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।