मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप ।

बस्ती 15 अक्टूॅबर 2026 सू.वि., भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद बस्ती की समस्त 05 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा-307 हर्रैया, 308 कप्तानगंज, 309 रूधौली, 310 बस्ती सदर तथा 311 महादेवा (अ.जा.) की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार) को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना  है।

    उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

     उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे। मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

     उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपने आवेदन के साथ निर्धारित आवश्यक दस्तावेज, अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित विवरण प्रस्तुत कर सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी प्रति भी सहायक दस्तावेज के रूप में दी जा सकती है।

     उन्होंने बताया कि नागरिक संबंधित पदाभिहित स्थल, तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवश्यक फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। मतदाता ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in  के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 जमा कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंपों का लाभ उठाएं , ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।