जनपदीय अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 20 अक्टूबर 2026 ,(सू.वि.) दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, रौता चौराहा, रोडवेज चौराहा, दक्षिण दरवाजा, अस्पताल चौराहा, कोतवाली तथा करूआ बाबा क्षेत्र का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पूजा पंडालों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखें। उन्होंने पूजा पंडालों में विद्युत कनेक्शन, तारों एवं अन्य उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन और संबंधित विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है।
भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया,अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता,मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।