मतदाता सूची, मतदान केन्द्र आदि की जानकारी के लिए जनपद में डिस्ट्रिक्ट कान्टेक्ट सेंटर सक्रिय ।

 बस्ती(उ0प्र0)– 27 नवंबर 2026, (सू.वि.) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में मतदाताओं की सुविधा के लिए डिस्ट्रिक्ट कान्टेक्ट सेंटर (DCC)-1950 सक्रिय कर दिया गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम 17 नवंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। उक्त जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी (वि०रा०)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी एस. सुधाकरन ने बताया कि जनपद के नागरिक एवं मतदाता अपने मोबाइल अथवा लैंडलाइन फोन से 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क कर मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। जनपद बस्ती के बाहर निवास करने वाले मतदाता एसटीडी कोड 05542 के साथ 05542-1950 पर संपर्क कर निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 05542-297710 लैंडलाइन नंबर भी उपलब्ध है।

हेल्पलाइन के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली एवं मतदाता पहचान पत्र में संशोधन अथवा शुद्धिकरण के लिए फार्म-8 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से प्रस्तुत आवेदनों की स्थिति, मतदाता सूची में नाम की पुष्टि, भाग संख्या, क्रम संख्या तथा निर्धारित मतदान केंद्र के नाम एवं पते की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतें, मतदाता पहचान पत्र (EPIC) के वितरण में विलंब, निर्वाचक नामावली में त्रुटियों एवं अन्य समस्याओं के संबंध में हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। दर्ज शिकायतों पर की गई कार्रवाई की स्थिति भी प्राप्त की जा सकेगी। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता, बीएलओ की जानकारी तथा निर्वाचन आयोग की विभिन्न सुविधाओं के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

मतदाताओं की सुविधा के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कार्यालय, कलेक्ट्रेट बस्ती सहित जनपद की सभी तहसीलों में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इन हेल्प डेस्क से निर्वाचक नामावली संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

 इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों एवं मतदाताओं से ECINET ऐप डाउनलोड करने तथा ऐप के माध्यम से निर्वाचन एवं मतदाता सूची संबंधी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से DCC-1950 एवं 05542-1950 हेल्पलाइन का उपयोग कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अपने मताधिकार को सशक्त बनाने का आग्रह किया।