सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त 53 मामलों में से 8 का मौके पर ही निस्तारण।

बस्ती(उ0प्र0)– 21 फरवरी 2026, (सू.वि.) तहसील रुधौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में फरियादी उपस्थित हुए और विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।

      जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील दिवस आमजन को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 मामलें प्राप्त हुए, जिसमें से 08 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसमें राजस्व विभाग 30, पुलिस 05, विकास 02, विद्युत 07, वन 01, पीडब्ल्यूडी, कृषि, समाज कल्याण एवं नगर पंचायत के 2-2 मामलें आये। 

      जिलाधिकारी ने शेष लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए। गंभीर मामलों में मौके पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।

       सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला सेवा योजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, पिछड़ा कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, एलडीएम आर.एन. मौर्या, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।  

      तहसील दिवस के पश्चात् तहसील रुधौली स्थित न्यायालय परिसर का जिलाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा की गई तथा अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं वादकारियों की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा न्यायालय परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

      निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नगर पंचायत रुधौली कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां कर वसूली, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, तथा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।