10 अप्रैल तक त्रुटिरहित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाय- मण्डलायुक्त,बस्ती।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 2 अप्रैल 2026 (सू0वि0,) मण्डलायुक्त/रोल प्रेक्षक अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान एसआईआर के दृष्टिगत तृतीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान तथा समस्त ई0आर0ओ0/ए0ई0आर0ओ0 उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026, आलेख्य प्रकाशन दिनांक 01 अप्रैल 2026 के अनुसार विधानसभा हर्रैया में कुल 349399 मतदाता, कप्तानगंज में 334913 मतदाता, रूधौली में 391579 मतदाता, बस्ती सदर में 322837 मतदाता, महादेवा में 332788 मतदाता हैं।
मण्डलायुक्त/रोल प्रेक्षक द्वारा समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि जनपद में जेन्डर रेसियों की स्थिति सुधारने हेतु ऐसे बूथों को चिन्हित किया जाए जहां महिला मतदाताओं का अनुपात कम है तथा उनका क्रास वेरीफिकेशन कर वास्तविक स्थिति सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सामान्य जनसंख्या के अनुपात के अनुरूप मतदाता सूची का जेन्डर रेसियो संतुलित होना चाहिए। इसके अतिरिक्त फार्म-6 नये मतदाता, फार्म-7 नाम विलोपन एवं फार्म-8 संशोधन के आधार पर होने वाले कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि अंतिम प्रकाशन से पूर्व सभी स्थलों पर सूचियों का पुर्नपरीक्षण कर लिया जाए जिससे किसी प्रकार की त्रुटि शेष न रहे। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तिथि 10 अप्रैल 2026 तक शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मण्डलायुक्त द्वारा दिये गये निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाए।