फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए 6 से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 14 अप्रैल 2026( सूचना विभाग), मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार किए जाने हेतु 6 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जनपद बस्ती विगत चार दिनों से प्रदेश के टॉप-5 जनपदों में शामिल है।
मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा बताया गया कि अभियान की समीक्षा लगातार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में की जा रही है, जिसमें जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी (जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी) सहित अन्य संबंधित अधिकारी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। प्रत्येक विकास खंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर कार्य में तेजी लाई गई है।
मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि जनपद में अब तक 3,65,039 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर ली गई है, जिससे जनपद प्रदेश में चौंतीस स्थान पर पहुंच गया है। समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के वेतन को अप्रैल माह तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा अधिकारी स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। लापरवाही एवं अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा सभी किसानों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की योजनाओं, बीज, उर्वरक, कीटनाशक एवं कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने, फसल बीमा का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है।
कैसे कराएं फार्मर रजिस्ट्री
किसान अपने आधार कार्ड, खतौनी की छायाप्रति एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी विशेष अभियान कैंप में उपस्थित होकर कृषि/राजस्व/पंचायत विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जन सेवा केंद्र या मोबाइल/सहायक ऐप के माध्यम से भी स्वयं पंजीकरण किया जा सकता है।