छात्रा सिफा खान बनी एक दिन की जिलाधिकारी।

 बस्ती(उ0प्र0)- 02 अप्रैल 2026 (सू.वि.), कलेक्टेªट सभागार में मिशन शक्ति 5.2 के अंतर्गत जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बस्ती की छात्रा सिफा खान को एक दिन के लिए जिलाधिकारी चुना गया। सिफा खान ने हाईस्कूल परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है।

     कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” संवाद में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बालिकाओं ने अपने कैरियर, सेल्फ डिफेंस, घरेलू हिंसा एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

     जिलाधिकारी ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के महत्व को समझने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, प्रधानाचार्य एवं प्रोबेशन कार्यालय से संरक्षण अधिकारी वीना सिंह, अशोक सिंह, साधना अग्रहरि, प्रतिभा श्रीवास्तव, सपना सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

--------