बकरीद त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने की जनपदीय अधिकारियों ने की अपील।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 26 मई 2026 (सू.वि.), आगामी 28 मई से 3 दिन के लिए बकरीद का त्यौहार मनाया जाएगा। इस दिन नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी दी जाएगी। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में भाईचारा के साथ त्यौहार मनाने की अपील किया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में दोनों अधिकारियों ने बस्ती जिले की परंपराओं की याद दिलाते हुए लोगों को एक साथ मिलजुल कर त्यौहार मनाने की अपील किया है।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा सभी उप जिलाधिकारी, एसएचओ, तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर ले, सोशल मीडिया पर कोई भी गलत वीडियो प्रसारित न हो, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सीएससी/पीएससी पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हो, हीट वेव, डायरिया सहित आवश्यक दवाओ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस विभाग, सम्भागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध तरीकों से पशुओं की तसकरी न होने पाये, इसका सघन जांच की जाये।
उन्होंने लोगों से अपील किया कि खुले में कुर्बानी ना करें। कोई नई प्रथा लागू नहीं होगी। ग्राम पंचायतों में डीपीआरओ, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत तथा नगर क्षेत्र में नगर पालिका साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने तथा किसी प्रकार की छोटी से छोटी सूचना भी स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बस्ती जनपद में परंपरागत ढंग से भाईचारा के साथ त्यौहार मनाए जाने की स्वस्थ परंपरा रही है। उन्होने कहा कि शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी स्थानीय लोगों को भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हमेशा अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित और संक्रमित पशुओं की कुर्बानी नहीं होगी। कुर्बानी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के अवशेष को सही प्रकार से डिस्पोजल किया जाए, अगर कहीं भी कोई भी समस्या हो तो तत्काल 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दे। उन्होंने कहा कि नमाज के लिए निर्धारित स्थान पर ही नमाज अदा करें, नमाज स्थल के आस-पास बेतरतीब वाहन न खड़ा करें।
बैठक का संचालन सीओ सत्येंद्र भूषण ने किया ने किया। इसमें मुख्य रूप से एएसपी श्याम कान्त, सीएमओ डा. राजीव निगम, उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार, रूधौली मनोज प्रकाश, डीपीआरओ धनश्याम सागर, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह, सरदार जगवीर, वी.के. वर्मा, इमरान अली, जीशान हैदर रिजवी, राजकुमार पाण्डेय, मो. मारूफ खान सहित संभ्रांत नागरिक व अधिकारीगण उपस्थित रहें।