जनपद के प्रभारी मंत्री शाही ने जनपद के कई स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये।

बस्ती(उ0प्र0)–  23 जुलाई 2026 ,(सू.वि.),  उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के माननीय मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही  गुरुवार को जनपद बस्ती के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।


 इस दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया, जिला अस्पताल का निरीक्षण कर जायजा लिया तथा कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों, बाढ़ से बचाव एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक तथा सर्किट हाउस में समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक की।

     सर्वप्रथम प्रभारी मंत्री श्री शाही ने दरियाखां, नगर पालिका परिषद कार्यालय, बड़ेवन एवं अमहट घाट का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, नियमित सफाई अभियान संचालित करने तथा जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

     इसके उपरांत उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर, ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी तथा एक्स-रे विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     निरीक्षण के उपरांत प्रभारी मंत्री श्री शाही ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों, बाढ़ से बचाव एवं तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर विशेष बल दिया। साथ ही संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने, राहत एवं बचाव कार्यों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान समस्त सीएचसी, पीएचसी पर स्नेक वेनम की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

      समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री श्री शाही ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसान बंधुओं को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को उर्वरकों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुरूप उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कृषक बन्धुओं को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से आच्छादित किया जाय। 

उन्होंने अधिशासी अभियन्ता पी0डब्लू0डी को निर्देशित किया कि सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। सभी सड़कों का एई द्वारा निरीक्षण कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जल निगम से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल निगम से सम्बन्धित कार्यों को पूर्ण किए जाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का सुदृढ़ीकरण अवश्य किया जाए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

      इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक में प्रतिभाग कर संगठनात्मक एवं विकास विषयों पर चर्चा की तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और सभी बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया गया। माननीय प्रभारी मंत्री श्री शाही ने समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में पौधरोपण भी किया।

        इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, विधायक हर्रैया अजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चंद सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्रा, सदर के मोहम्मद सलीम, महादेवा के फूलचन्द श्रीवास्तव, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीएफओ डॉ0 शिरीन, उपजिलाधिकारी राजेश यादव, हिमांशु कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, डीपीआरओ घनश्याम सागर, उपकृषि निदेशक अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बीएसए अनूप तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी अरूण कुमार त्रिपाठी, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार, एआरटीओ धर्मेन्द्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित सम्बन्धित अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।