कावड़ यात्रा को सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 16 जुलाई 2026 ,(सू.वि.,) आगामी श्रावण माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना व पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हर्रैया उमाकान्त तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. ए.के. गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, एआरटीओ धर्मेन्द्र कुुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येन्द्र भूषण, स्वर्णिमा सिंह, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, साइन बोर्ड, विश्राम स्थल, मोबाइल चिकित्सा इकाई, एंबुलेंस और कंट्रोल रूम की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि समस्त थानाध्यक्ष कावरिया समिति सदस्यों के साथ बैठक अवश्य कर लें और उनके सुझाव प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कावड़ यात्रा के दौरान रास्तों में पड़ने वाले गड्ढों की पैचिंग समय से करा दी जाय। उन्होने पीडी एनएचआई को निर्देशित किया कि अवैध कटो को चिन्हित करते हुए तत्काल बन्द कराया जाय। राष्ट्रीय राजमार्गो पर डिवाइडरों के बीच में लगे झाड़ियों को कटवाया जाय और आवश्यकतानुसार वैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाय। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत पोल को चिन्हित करते हुए उस पर सुरक्षा के दृष्टिगत पालीथिन लगायी जाय तथा सड़को पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि शिविर कैम्प लगाया जाय तथा डाक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि शिविर कैम्प पर स्नेक वेनम भी उपलब्ध रहें। जिलाधिकारी ने भदेश्वरनाथ परिसर को साफ-सुथरा व झाडियों की कटाई-छटाई के लिए डीपीआरओ धनश्याम सागर को निर्देशित किया है तथा वैरिकेड़िग के लिए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया है। उन्होने खुली नालियों पर ढक्कन लगाये जाने का निर्देश ईओ नगरपालिका को दिया है।
पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सुरक्षा के दृष्टिगत समस्त आवश्यक तैयारिया समय से पूर्ण कर ली जाय। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि कावड़ समितियों/संघ के लोगो के साथ बैठक कर ली जाय। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि कावड़ यात्रा के दौरान भडकाऊ गाने न बजने पाये। मांस-मछली की दुकाने इस दौरान बन्द रहेंगी। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी की जायेंगी। उन्होने यह भी कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान संचालित होने वाले दुकानदारों का बेरीफिकेशन कर लिया जाय।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। उन्होने कावड समितियों से अपील किया कि अपने से संबंधित समस्त सूचनाए व कार्ययोजना संबंधित थाने पर अवश्य दे दें।
बैठक में अधिकारियों को समय से सभी तैयारियाँ पूर्ण करने और कंट्रोल रूम के माध्यम से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।