भारी बारिश एंव तेज हवाओं के दृष्टिगत जिला एंव पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)–26 सितम्बर 2026 ,(सू.वि., )मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश एवं तेज हवाओं की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने आज शहर क्षेत्र में भ्रमण कर तेज हवाओं के कारण प्रभावित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंपनीबाग, गॉधीनगर, रोडवेज तिराहा होते हुए ब्लॉक रोड तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लॉक रोड स्थित तेज हवाओं के कारण गिरे पेड़ का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि गिरे हुए पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाकर आवागमन सुचारू कराया जाए तथा किसी भी स्थान पर जलभराव अथवा यातायात बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा तेज बारिश एवं हवाओं के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी टीमें अलर्ट मोड में रहें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य तत्काल सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, उपजिलाधिकारी राजेश यादव, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।