भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

बस्ती(उ0प्र0)-  07 मई 2026 (सू.वि.), जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना  की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक/जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

     उक्त कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना का प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक होगी। जिसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना के 33 प्रश्नों को पूछेंगे। उन्होने यह भी बताया कि 7 मई से 21 मई तक स्व गणना करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लोग स्वयं अपने मोबाईल, कंप्यूटर अथवा लैपटाप से घर बैठे जनगणना की पूरी जानकारी भर सकेंगे। स्व गणना देश में पहली बार हो रहा है जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, तेज एवं पारदर्शी रहेगी। 

      अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान द्वारा उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों से कहा गया कि स्व गणना का कार्य स्वयं करते हुये अन्य लोगो को भी स्वगणना हेतु जागरूक करें। 

      बैठक में जनगणना जिला प्रभारी सुरम्या भारती स्व गणना से सम्बन्धित जानकारी देते हुये अवगत कराया गया कि स्व गणना करने वाले लोग ऑनलाइन पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से जुडी समस्त जानकारी खुद भर सकेंगे। स्व गणना करने हेतु सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करना होगा, कैप्चा डालना होगा, स्वागत पेज पर OK करना होगा, परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करना होगा जिसमे बाद में परिवर्तन नहीं कर सकते हैं, मोबाईल नंबर दर्ज करना होगा, इमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करना होगा, वेरीफाई एवं प्रोसीड करना होगा, प्रश्नों की भाषा का चयन कर मोबाईल में प्राप्त ओटीपी को दर्ज कर वेरीफाई करना होगा, जिला, पिन कोड, अपने घर का पूरा पता दर्ज करना होगा तथा मानचित्र पर लाल मार्कर को चिकर अपने घर की सटीक लोकेशन भी तय करनी होगी। इसके बाद जनगणना हेतु पूछे जाने वाले सभी 33 प्रश्नों की सही जानकारी भरनी होगी। पूछे जाने प्रश्न जैसे मकान की फर्श, दीवार. छत की प्रमुख सामग्री, परिवार में सामान्यतः रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मुखिया का लिंग, परिवार का मुखिया यदि राज्य के अनुसूचित जाति/जनजाति या अन्य से सम्बंधित हो तो उपयुक्त का विकल्प चुने, मकान के स्वामित्व की स्थिति. उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दम्पत्तियों की संख्या, पेयजल का मुख्य श्रोत. पेयजल श्रोत की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य श्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गन्दे पानी की निकासी. स्नान सुविधा की उपलब्धता, रसोई घर एवं LPG/PNG  गैस कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इन्टरनेट सुविधा, लैपटॉप कंप्यूटर, टेलीफोन एवं मोबाईल फोन/स्मार्ट फोन, साईकिल/स्कूटर/मोटर साईकिल/मोपेड, कार/जीप/वैन, परिवार द्वारा उपयोग किये जाने वाले मुख्य अनाज तथा मोबाईल नंबर (केवल जनगणना उपयोग हेतु) दर्ज कर सहेंजे एवं आगे बढे (Save and Proceed) करना होगा। Save करने पर 11 अंकों की एक स्व गणना पहचान संख्या (EID) जारी होगी जिसे सुरक्षित नोट कर रख लेंगे जो SMS/ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त हो जायेगा।

     स्व गणना के बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। जिन्होंने पहले ही स्व गणना कर ली है उन्हें अपनों 11 अंकों की EID बतानी होगी। प्रगणक SEID दर्ज कर जानकारी का सत्यापन कर लेंगे। बैठक में कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारीगण/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।