जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बचाव कार्यो का जायजा लिया।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)– 25 जुलाई 2026,( सू.वि.,) जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को सदर तहसील अंतर्गत ग्राम बैराड़ी एतमाली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा बाढ़ विभाग द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारी बाढ़ की स्थिति पर निरंतर नजर बनाए रखे तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि नावों, राहत शिविरों एवं आपदा से संबंधित सभी संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ विभाग तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करते रहें, किसी भी प्रकार के कटान अथवा जलस्तर में वृद्धि की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों या जिला प्रशासन को दें।
उन्होने चॉदपुर कटरिया कैम्प कार्यालय का भी निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होने कहा कि बाढ़ कार्य में प्रयोग होने वाले बोरी का स्टाक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे ।