मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा नगरीय क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण ।
• सुरेश कुमार सिंह गौतम
बस्ती(उ0प्र0)- 28 सितम्बर 2026 ,(सू.वि., )विगत दिनों हुई भारी वर्षा एवं तेज आंधी के कारण नगर निकाय क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पेड़ एवं पेड़ों की डालियां गिरने से मार्ग अवरुद्ध होने तथा जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा नगर क्षेत्र में तत्काल राहत एवं सफाई कार्य कराते हुए आवागमन को सुचारु कराया गया।
इस क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती एवं उप जिलाधिकारी राजेश यादव ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका बस्ती तथा मंडलीय एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन के साथ नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा जल निकासी को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पानी टंकी चौराहा एवं मालवीय रोड सहित अन्य स्थानों पर वर्षा एवं आंधी के कारण गिरे पेड़ों एवं उनकी डालियों को हटवाकर मार्गों को साफ कराया गया, जिससे आमजन का आवागमन निर्बाध रूप से संचालित हो सके। साथ ही जलजमाव वाले स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने नगर निकाय के कर्मचारियों को नाला-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा वर्षा के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त नगर के लिए सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना आवश्यक है।
इस दौरान अधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा दें। सड़क अथवा नाली में कूड़ा डालने से जल निकासी बाधित होती है और वर्षा के समय जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन द्वारा आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि सामूहिक प्रयासों से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाया जा सकता है।