स्वच्छ शहर के निर्माण में आम नागरिक की भी सहभागिता जरूरी- मुख्य राजस्व अधिकारी,बस्ती ।

बस्ती(उ0प्र0)- 28 सितम्बर 2026,( सू.वि.), स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के दृष्टिगत सोमवार को मुख्य राजस्व अधिकारी, बस्ती द्वारा नगर पालिका परिषद बस्ती क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए वेस्ट टू वंडर पार्क एवं आरआरआर सेंटर का निरीक्षण किया।

      निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने वेस्ट टू वंडर पार्क एवं आरआरआर सेंटर में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

      कार्यक्रम के दौरान शहर के बच्चों एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। बच्चों एवं नागरिकों ने स्वच्छता बनाए रखने, अपने आसपास गंदगी न फैलाने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

      इस अवसर पर वेस्ट टू वंडर पार्क में मुख्य राजस्व अधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साथ बैठकर ‘चाय पर चर्चा’ भी की। दिनांक 30 सितम्बर 2026 को सफाई मित्र हेतु आयोजित होने वाले कार्यक्रम तथा इस दौरान स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने, नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने को लेकर आपसी चर्चा की गई।

      मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों और युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं बच्चे मौजूद रहे ।

Popular posts
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन हेतु जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू।
सावित्री विद्या विहार इण्टर कालेज में छात्र/छत्राओं को पॉस्को अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई।
Image
जनपद न्यायाधीश ने अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय बाल संप्रेषण गृह का निरीक्षण किया।
Image
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड निर्वाचन क्षेत्र के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न।
Image